जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर हुई दिनदहाड़े फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने चारों आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को रायपुर के पास टोल प्लाजा के समीप पकड़ा। घटना के बाद आरोपी दो अलग-अलग गाड़ियों से फरार हुए थे। रास्ते में एक वाहन खराब हो जाने के बाद सभी आरोपी एक ही गाड़ी में सवार होकर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी समेत अन्य लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक से तीन युवक रेस्टोरेंट के बाहर पहुंचे। इनमें से दो युवक अंदर घुसे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने करीब 11 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हो गये। सभी घायलों को तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गयी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हमलावरों की गतिविधियों के अहम सुराग मिले। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाते हुए बंगाल और आसपास के कई इलाकों में छापेमारी की गयी।
जांच के दौरान आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर भागने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद टीम ने वहां निगरानी बढ़ायी और रायपुर के पास टोल प्लाजा पर आरोपियों की घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वजह, हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद को फायरिंग की संभावित वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। घायल डोमनिक सैमसन का रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व को लेकर विवाद और रिजवान के जमीन कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी जांच के दायरे में है। पुलिस पुरानी रंजिश और आपसी वर्चस्व के पहलुओं को भी खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।

