Breaking
Sat. May 9th, 2026

महाराणा प्रताप जयंती पर जमशेदपुर में निकली भव्य शौर्य यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

जमशेदपुर।शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती शनिवार को श्रद्धा, उत्साह और शौर्य के वातावरण में मनाई गई। क्षत्रिय करणी सेना एवं झारखंड क्षत्रिय युवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में शहर में भव्य शौर्य यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और “जय महाराणा प्रताप” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

शौर्य यात्रा भुइयांडीह पटेलनगर मैदान से शुरू होकर भुइयांडीह चौक तक पहुंची। यात्रा से पहले घोड़ों के आकर्षक करतबों का प्रदर्शन किया गया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। युवाओं ने भगवा ध्वज के साथ महाराणा प्रताप के शौर्य और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। दूसरी ओर साकची मरीन ड्राइव गोलचक्कर स्थित महाराणा प्रताप चौक को फूलों और भगवा पताकाओं से भव्य रूप से सजाया गया था। महाराणा प्रताप की प्रतिमा को विशेष रूप से सजाकर आकर्षक स्वरूप दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पांच पुरोहितों के शंखनाद से हुई। इसके बाद झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, चंद्रगुप्त सिंह, शिवशंकर सिंह, मंजू सिंह और सचिव अमित सिंह के नेतृत्व में अतिथियों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर तिलक लगाकर माल्यार्पण किया। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन युवाओं के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है। इस दौरान टुनटुन सिंह ने उनका स्वागत कर सम्मानित किया।

मुख्य वक्ता एवं शिक्षाविद अनिरुद्ध त्रिपाठी अशेष ने महाराणा प्रताप के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रधर्म के प्रति समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मुगलों के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और कठिन परिस्थितियों में भी स्वाभिमान की रक्षा की।

कार्यक्रम में भाजपा नेता पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, महामंत्री राजीव सिंह, समाजसेवी मनोज सिंह, विनोद सिंह, कन्हैया सिंह, आशुतोष राय, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री भूपेंद्र सिंह, महावीर मुर्मू, सतवीर सिंह सोमू, बंटी सिंह, सोनू सिंह, अजय गुप्ता और अरुण सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गर्मी को देखते हुए शहर में करीब 15 स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां लोगों के बीच शरबत, हलवा, लड्डू और शीतल पेय वितरित किए गए। वहीं, गायक सोनू दुलरुवा और उनकी टीम ने देशभक्ति एवं महाराणा प्रताप से जुड़े गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में रवि सिंह, सुखदेव सिंह, दिनेश सिंह, कुमार प्रभाकर, जयंत विक्रम सिंह, अभिषेक सिंह, शशि सिंह और हेमंत सिंह सहित कई युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post