Breaking
Sat. May 9th, 2026

गुवा सेल खदान में करोड़ों के घोटाले का आरोप, गीता कोड़ा ने इस्पात मंत्री को लिखा पत्र

चाईबासा: पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने गुवा स्थित सेल कंपनी की लौह अयस्क खदान में खनन कार्य से जुड़ी निविदा में करोड़ों रुपये के गबन और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री को पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

आज चाईबासा के जुबली तालाब स्थित कैफेटेरिया में प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को इस बात की जानकारी दी। मौके पर उन्होंने बताया कि अपने पत्र के माध्यम से सेल कंपनी के गुवा लौह अयस्क खदान में खुदाई, क्रशिंग, स्क्रीनिंग, स्टॉकिंग, ट्रांसपोर्टिंग और डंपिंग का कार्य कंपनी एवं निविदा के माध्यम से कराया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीरो प्वाइंट क्षेत्र में संयुक्त खनन कार्य के लिए निविदा निकाली गई थी। यह निविदा नोटिस संख्या BSL/JGOM/CC/03/2024-25 दिनांक 06/06/2024 के तहत प्रकाशित की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त निविदा राकेश कंस्ट्रक्शन को कार्यादेश संख्या JGOM/BSL/CC23/WO/09 दिनांक 29/09/2024 के तहत दिया गया। कार्यादेश के अनुसार ठेकेदार को ROM (Raw Ore Material) की खुदाई कर स्क्रीनिंग, क्रशिंग एवं स्वीकृत आकार के लंप और फाइन्स को रेलवे साइडिंग एवं स्टॉक यार्ड तक पहुंचाना था।

पत्र में कहा गया है कि ठेकेदार और कंपनी के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से निविदा शर्तों का उल्लंघन करते हुए बिना वास्तविक कार्य सत्यापन के लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया। आरोप है कि कई जगह बिना क्रशिंग किए केवल स्क्रीनिंग कर सामग्री को स्वीकृत उत्पादन दिखाकर भुगतान लिया गया।

गीता कोड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि बड़े आकार के लौह अयस्क को निर्धारित स्थल पर रखने के बजाय करीब 2 किलोमीटर दूर पहाड़ी के पीछे रखा गया, ताकि वास्तविक कार्य की निगरानी से बचा जा सके।

उन्होंने मामले को सरकारी राशि के गबन, फर्जी बिल भुगतान और राष्ट्रीय संपत्ति के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए उच्च स्तरीय जांच एवं दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Related Post