चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित पांड्रासाली ओपी इलाके में पांड्रासाली पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान माटकोबेरा निवासी 35 वर्षीय रॉबिन बोदरा के रूप में हुई है।
छोटा भाई राजेश बोदरा के अनुसार, रॉबिन बोदरा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में पत्नी सुशांति बोदरा और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चा डेढ़ महीने का बताया जा रहा है।
भाई राजेश बोदरा ने बताया कि शुक्रवार रात रॉबिन कुछ साथियों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे और पीठ पर खरोंच के निशान भी मिले हैं।
परिजनों का आरोप है कि रॉबिन की कहीं और हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया, ताकि घटना को सड़क हादसा दिखाया जा सके।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद माटकोबेरा गांव में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

