पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के एनएच-98 पर रुदवा के समीप रविवार देर रात करीब दो बजे दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ट्रक चालक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान 21 वर्षीय वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। वह कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बरियाबाग का रहने वाला था। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र यादव रायपुर से छरी लदा ट्रक संख्या जेएच-02 बीएम-0961 लेकर किशनगंज जा रहा था। इसी दौरान रुदवा के पास उसका ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अन्य ट्रक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वीरेंद्र यादव केबिन में फंस गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रक की गति अधिक थी और इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया।
हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण एनएच-98 पर कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा। थाना प्रभारी सौरभ ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटायी जा रही है।

