Breaking
Fri. May 8th, 2026

मधुसूदन पब्लिक स्कूल फाइनल में, शारदा उच्च विद्यालय को 10 विकेट से हराया

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसनतलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शारदा उच्च विद्यालय, बड़ा बैदी को 10 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में मधुसूदन पब्लिक स्कूल के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शारदा उच्च विद्यालय की टीम 14.2 ओवर में 98 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कमलेश ने 20, शिवम प्रधान ने 18 और कप्तान सागर ने 15 रन बनाए।

मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से सावन महतो ने घातक गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। कप्तान त्रिनाथ प्रधान ने दो विकेट लिए, जबकि रौशन सिंह यादव और प्रवेश महतो को एक-एक सफलता मिली।

99 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुसूदन पब्लिक स्कूल की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 7.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। रौशन सिंह यादव ने 25 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं जयवंत कच्छप ने नाबाद 31 रन की पारी खेली।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सावन महतो को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय, चाईबासा और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

छह ओवर के बाद मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय का स्कोर दो विकेट पर 27 रन था। अब यह मैच 9 मई को दोपहर दो बजे से दोबारा खेला गया।

Related Post