Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

अपराध पर अंकुश के साथ आम नागरिकों के अधिकारों का भी ख्याल रखे पुलिस : दूबे

जमशेदपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, सड़क दुर्घटनाओं और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की विधि-व्यवस्था में सुधार तथा अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुआ और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग करते हुए एसएसपी को मांग पत्र सौंपा।

आनंद बिहारी दूबे ने कहा कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई के दौरान निर्दोष नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार या अनावश्यक बल प्रयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहना जरूरी है। नागरिक पुलिस को सुरक्षा और सहयोग के प्रतीक के रूप में देखें, भय के कारण नहीं।

उन्होंने अपराध प्रभावित इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुआ और नशीले पदार्थों के कारोबार से संबंधित शिकायतों की गोपनीय जांच के लिए विशेष टीम गठित करने का भी आग्रह किया।

कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों के साथ अनावश्यक बल प्रयोग की शिकायतों की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता भी जरूरी है। दूबे ने कहा कि पुलिस प्रशासन को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिसमें अपराधियों पर कानून का शिकंजा मजबूत हो और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल में युवा कांग्रेस के सन्नी सिंह, निखिल तिवारी, एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन सिंह, कांग्रेस नेता जसवंत सिंह जस्सी, गुरदीप सिंह कक्के, सुशील घोष, बंटी सिंह, सूरज सिंह, गौरव कुमार, हरिहर प्रसाद और शत्रुघ्न सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

Related Post