Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

बिष्टुपुर में तीन दिवसीय कंज्यूमेक्स व्यापार मेला शुरू, महिला उद्यमियों के उत्पादों की खरीदारी को उमड़े लोग

जमशेदपुर: मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा की ओर से दुर्गापूजा और दीपावली के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कंज्यूमेक्स व्यापार मेला 2026 का रविवार को तुलसी भवन, बिष्टुपुर में शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी सह बिक्री के इस मेले का उद्घाटन झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष प्रभा पड़िया ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन के मौके पर प्रभा पड़िया ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया और स्टॉल संचालकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने मारवाड़ी महिला मंच की ओर से किए जा रहे सामाजिक और सेवा कार्यों की सराहना की। साथ ही मंच की महिलाओं की एकजुटता और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन की महिलाएं मिल-जुलकर बड़े से बड़े कार्य को भी सहजता से पूरा करने में सक्षम हैं।

कार्यक्रम में मंच की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन सचिव कंचन खिरवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह-सचिव शिल्पी अग्रवाल ने दिया।

मेले के पहले दिन लोगों की अच्छी आवाजाही रही। शहरवासियों ने विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों को देखा और अपनी पसंद के सामान की खरीदारी भी की। मेले में महिला उद्यमियों और कारोबारियों की ओर से अलग-अलग तरह के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।

आयोजकों के अनुसार, कंज्यूमेक्स व्यापार मेला 29 सितंबर तक तुलसी भवन, बिष्टुपुर में चलेगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। मारवाड़ी महिला मंच की सदस्यों ने शहरवासियों से सपरिवार मेले में पहुंचने और महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

उद्घाटन के अवसर पर बीना खिरवाल, सुशीला खिरवाल, सीमा जवानपुरिया, बीना अग्रवाल, संतोष धुत, रणदीप कौर, मंजू मुसदी, मीना अग्रवाल, सरस्वती अग्रवाल, सुलभा अग्रवाल, सीमा चौधरी, सुमित्रा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, ललिता सरायवाला, बबीता केडिया, सविता खिरवाल, कृष्णा अग्रवाल, निर्मला नरेड़ी, मधु मोहनका और सुनीता कसेरा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहीं।

Related Post