जमशेदपुर: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था आगाज़ की ओर से लुआबासा के शिकारीडीह स्थित सरकारी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और विचारों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ शहीद भगत सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बच्चों को संबोधित करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि भगत सिंह का जीवन और उनके विचार आज भी हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। देश के प्रति उनका समर्पण और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना ही भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने आगाज़ संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयास को सराहनीय बताया।
आगाज़ के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना भी है। पाठ्य सामग्री मिलने के बाद बच्चों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बीपीएम की प्रधानाध्यापिका रंजिता गांधी, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, चेयरमैन सह समाजसेवी दमनप्रीत सिंह, समाजसेविका चरणजीत कौर भाटिया और आरफीन अशरफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आगाज़ के जगप्रीत सिंह जे.डी., सतविंदर सिंह, गुरबचन सिंह राजू, परमिंदर सिंह गोल्डी, मंगल गोप, अजय महतो और धनापति महतो का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आगाज़ की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

