Breaking
Mon. May 25th, 2026

सेंट मैरीज़ एलुम्नाई और बिग एफएम ने छात्रों को किया सम्मानित

जमशेदपुर: सेंट मैरीज़ एलुम्नाई ट्रस्ट एवं देश के प्रमुख रेडियो नेटवर्क 92.7 बिग एफएम के संयुक्त तत्वावधान में सेंट मैरीज़ अंग्रेजी उच्च विद्यालय के ऑडिटोरियम में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं गिफ्ट वाउचर प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही शशांक मंडल, श्रेयश और विनायक सिद्धार्थ को “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” के खिताब से नवाजा गया। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 85 विद्यार्थियों को सम्मान मिला।

समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रिंसिपल फादर वर्नन डिसूजा रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान नारायना हॉस्पिटल की ओर से एक जनरल हेल्थ चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय के फैकल्टी सदस्यों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

कार्यक्रम का संचालन डीजे राज ने किया। उनकी प्रभावशाली एंकरिंग और मिमिक्री ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

इस आयोजन में बिग एफएम के झारखंड हेड अजय गोप, जीएम आशुतोष कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। एलुम्नाई एसोसिएशन की ओर से प्रेसिडेंट शशि तिवारी, ट्रस्टी गुरशरण सिंह, जनरल सेक्रेटरी अमृता धनजल, ट्रेजरर चंद्रशेखर कोठारी तथा वाइस प्रेसिडेंट मनजोत गिल, अश्विनी छाबड़ा और तेजिंदर मारवाह सहित नारायना हॉस्पिटल के धर्मा राव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post