चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में आदिवासी उरांव समाज के महापर्व ज्येष्ठ जतरा के अवसर पर रविवार को बान टोला अखाड़ा में पारंपरिक उत्साह के साथ खेलकूद एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहदेव किस्पोट्टा और विशिष्ट अतिथि लक्ष्मी कच्छप उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सहदेव किस्पोट्टा ने कहा कि ज्येष्ठ जतरा उरांव समाज का एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाला पर्व है, जिसे विजय और परंपरा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
विभिन्न आयु वर्गों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दौड़, बोरा रेस, चम्मच रेस, सुई-धागा रेस, चेयर रेस और बॉल पास जैसी प्रतियोगिताओं में विजेताओं का चयन किया गया। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए हंडी फोड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।
क्विज प्रतियोगिता में कक्षा पांच से मैट्रिक तक के करीब 30 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही बान टोला पुस्तकालय से जुड़े रामेश्वर बोईपाई और युवराज लकड़ा को सिविल कोर्ट में नियुक्ति होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहल्ले के कई गणमान्य लोगों और युवाओं का योगदान रहा। इस मौके पर लालू कुजूर, दुर्गा कुजूर, मंगरू टोप्पो, फागू खलखो, राजेन्द्र कच्छप, चमरू लकड़ा, सीताराम मुंडा, खुदिया कुजूर, कृष्णा मुंडा, सुनील खलखो, बंधन खलखो, बुधराम कोया, प्रकाश कुमार गुप्ता, रोहन तिग्गा, अमित कुजूर, रोहित खलखो, राहुल कुजूर, सोनू मिंज, मनीषा तिर्की, निशा तिर्की, जगरनाथ टोप्पो, लक्ष्मी कच्छप, गीता कुजूर, लक्ष्मी खलखो, पुतुल खलखो, सामिया कच्छप, नागी टोप्पो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

