Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

सिदगोड़ा में दिनदहाड़े चोरी, टाटा स्टीलकर्मी के घर से नकद व जेवरात उड़ाए

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अमल संघ के पास एक क्वार्टर में रविवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। चोरों ने क्वार्टर नंबर एल-4/39 में रहने वाले टाटा स्टील के कर्मचारी राकेश कुमार झा के घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद के साथ-साथ लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब राकेश कुमार झा अपने परिवार के साथ गांव में एक शादी और मुंडन समारोह में शामिल होने गए हुए थे।

बताया जाता है कि घर की देखरेख की जिम्मेदारी एक परिचित व्यक्ति को सौंपी गई थी। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह घर को बंद कर अपनी ड्यूटी पर चला गया। इसी बीच चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाते हुए पीछे के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसते ही उन्होंने अलमारी को तोड़ा और उसमें रखे नकद और कीमती गहनों को समेटकर फरार हो गए। वारदात के तरीके से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पहले से घर पर नजर रखे हुए थे और मौके का इंतजार कर रहे थे।

गांव से रविवार दोपहर करीब 2 बजे जब राकेश कुमार झा वापस अपने घर लौटे तो दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी भी क्षतिग्रस्त हालत में थी। यह दृश्य देखकर वे सन्न रह गए और तुरंत सिदगोड़ा थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना की जांच की जा रही है।

Related Post