*रांची :* रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक विधवा पेंशनभोगी महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पहले इसे बाथरूम में गिरने से हुई सामान्य मौत बताया गया, लेकिन दफनाने के बाद जब सच्चाई सामने आई तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला की दत्तक बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतका की पहचान नाहिद परवीन के रूप में हुई है। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया।
*स्नान कराते वक्त गले पर दिखा था निशान*
एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीते 25 अप्रैल को मो. हलीम को सूचना मिली थी कि नाहिद परवीन की बाथरूम में गिरने से मौत हो गई है। परिजन इसे हादसा मानकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। मिट्टी देने से पहले जब शव को स्नान कराया जा रहा था, तब मृतका की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान दिखाई दिए। हालांकि उस समय किसी ने संदेह नहीं किया और शव को दफना दिया गया।
*कब्र से निकाला गया शव*
बाद में जब मृतका की गोद ली हुई बेटी से पूछताछ की गई, तब हत्या की बात सामने आई। इसके बाद मृतका के देवर मो. हलीम ने डोरंडा थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। आवेदन के आधार पर डोरंडा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें साफ हो गया कि नाहिद परवीन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी।
*मृतक महिला के खाता में आता था पति का पेंशन*
एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस अनुसंधान में पता चला कि नाहिद परवीन एक पेंशनभोगी विधवा महिला थीं। पति की मौत के बाद पीएफ की रकम उनके खाते में थी और उन्हें नियमित पेंशन भी मिलती थी। उनकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया था और उसका पालन-पोषण कर पढ़ाई-लिखाई कराई।
जांच में यह भी सामने आया कि दत्तक पुत्री अपने प्रेमी अरबाज खान पर काफी पैसे खर्च करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी। नाहिद परवीन इस रिश्ते का विरोध कर रही थीं। इसी बात को लेकर बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज खान, उसके दोस्त समीर खान और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 24 अप्रैल को हत्या की साजिश रची। आरोप है कि सभी ने मिलकर नाहिद परवीन का तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पूरे घर को साफ कर दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे और यह कहानी फैलाई गई कि महिला की मौत बाथरूम में गिरने से हुई है।
*पुलिस ने तीन आरोपियों को दबचो*
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गया (बिहार) निवासी 20 वर्षीय अरबाज खान, 20 वर्षीय समीर खान शामिल हैं। वहीं, विधि-विरुद्ध किशोरी यानी मृतका की दत्तक पुत्री को डिटेन किया गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने खून लगा बेडशीट और खून लगा तकिये का कवर भी बरामद किया है। पूरे मामले की जांच डोरंडा थानेदार इंस्पेक्टर दीपिका प्रसाद के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

