*रांची* : राज्य में ट्रेजरी से वेतन समेत अन्य मदों में हुई फर्जी निकासी के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार अब संविदा या मानदेय पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को वित्तीय कार्यों से दूर रखा जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा है कि विभिन्न जिलों में वेतन मद से अवैध निकासी, कर्मचारियों के मास्टर डाटा में छेड़छाड़ और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भुगतान जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं।
इसे रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि एक ही कार्यालय में लंबे समय से वित्तीय कार्य संभाल रहे वरीय लेखा सहायक, लेखा सहायक, लेखा अधीक्षक, लेखापाल और विपत्र लिपिकों का अनिवार्य रूप से तबादला किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर रोक लग सके।
मुख्य सचिव द्वारा जारी यह आदेश राज्य के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और उपायुक्तों को भेज दिया गया है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कर 30 मई तक वित्त विभाग को रिपोर्ट सौंपें।
यह कदम राज्य में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

