बोकारो:- बोकारो के भर्रा कब्रिस्तान से बीते सोमवार को मिले कंकाल की पहचान को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में चीराचास पुलिस ने लापता खालिक अंसारी के माता-पिता का ब्लड सैंपल सदर अस्पताल में लिया है। अब पुलिस कंकाल और ब्लड सैंपल को डीएनए जांच के लिए भेजकर पहचान की पुष्टि करेगी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भर्रा निवासी सलाउद्दीन और गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक खालिक अंसारी पेशे से मिस्त्री था और आरोपी गुड्डू उसके साथ कर्मचारी के रूप में काम करता था। सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने ही खालिक अंसारी की हत्या की है और उनकी निशानदेही पर ही कब्रिस्तान से कंकाल बरामद किया गया। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आगे और भी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कंकाल की पहचान और पूरे मामले का खुलासा स्पष्ट रूप से हो सकेगा।
भर्रा कब्रिस्तान से मिले कंकाल की पहचान को लेकर डीएनए जांच शुरू, माता-पिता का लिया गया सैंपल दो आरोपी सलाउद्दीन और गुड्डू न्यायिक हिरासत में, पुलिस ने हत्या की आशंका जताई

