चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की टोटो बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई टोटो के साथ चार बैटरी भी बरामद की है। दोनों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 4:45 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भरत भवन के आसपास दो युवक संदिग्ध स्थिति में चोरी की टोटो बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना में सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
शनिवार को थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक गुफरान खान, अंजारुल हक, सहायक अवर निरीक्षक भरत भूषण सामड तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम तत्काल भरत भवन चौक के लिए रवाना हुई। शाम करीब 5 बजे पुलिस को बताए गए स्थान पर दो युवक संदिग्ध हालत में दिखे। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों से मौके पर पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों को थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना नाम मो. हैदर (28 वर्ष) और मो. फरहान उर्फ बाबू (19 वर्ष) बताया। दोनों चक्रधरपुर के बंगला टांड इलाके के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 20 अप्रैल 2025 को बंगला टांड क्षेत्र से टोटो की चोरी की थी और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चट्टानी देवगांव क्षेत्र से चोरी की गई टोटो बरामद कर ली। इसके अलावा पहले से चोरी कर एक गैरेज में छिपाकर रखी गई चार बैटरियां भी जब्त की गईं।
इस संबंध में चक्रधरपुर थाना में अज्ञात के विरुद्ध दर्ज मामले को आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

