Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में डीएवी चाईबासा और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय की शानदार जीत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 में आज खेले गए मुकाबलों में सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया ने बड़ी जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का आयोजन उद्योगपति पदम कुमार जैन के प्रायोजन में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में किया जा रहा है।

पहले मैच में डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा ने डीपीएस पब्लिक स्कूल चाईबासा को 227 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएवी की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 256 रन बनाए।

कप्तान सोहम मैती ने 67 रन की शानदार पारी खेली। अली अशरफ होदा (नाबाद 37), नेस्कन हेंब्रम (नाबाद 30), नमन साहु (26) और यश यादव (18) ने भी योगदान दिया। डीपीएस की ओर से केशव प्रैक्टिस ने 2 विकेट लिए, जबकि रोहन मुंदुइया, गौरव मिश्रा और प्रियांशु कुमार नाग को एक-एक सफलता मिली।

डीपीएस के गेंदबाजों ने 66 अतिरिक्त रन दिए, जिसमें 60 वाइड शामिल रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस पब्लिक स्कूल की टीम 5.2 ओवर में 29 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। आयुष निषाद ने 14 रन बनाए। डीएवी की ओर से दिव्यांश यादव ने 15 रन देकर 6 विकेट और अभ्युदय अक्षत ने 10 रन देकर 4 विकेट लिए। दिव्यांश यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार स्कोरर राहुल लकड़ा ने प्रदान किया।

दूसरे मैच में मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया ने आइडियल इंग्लिश स्कूल जगन्नाथपुर को 121 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाए।

कप्तान समरेश महतो ने 57 रन बनाए, जबकि शुभ पति ने 15 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली। मो. अली अकमल (18), पप्पु यादव (13) और रौनक महतो (10) ने भी योगदान दिया। आइडियल इंग्लिश स्कूल की ओर से अंकुश मुंडा ने 3 विकेट लिए, जबकि रेहान अहमद, अंश राज सिंह, राजेश कुमार गोप और दीपक गुप्ता को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में आइडियल इंग्लिश स्कूल की टीम 12.5 ओवर में 56 रन पर सिमट गई। अंकुश मुंडा ने 23 रन बनाए। मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय की ओर से मो. अली अकमल, साहिल महतो और समरेश महतो ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मनीष यादव को 1 विकेट मिला।

समरेश महतो को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार स्कोरर संदीप रॉय ने प्रदान किया।

मैच का उद्घाटन पूर्व क्रिकेटर और जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव अनूप बर्मन ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई।

प्रतियोगिता में कल भी दो मैच खेले जाएंगे। सुबह 7 बजे संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल चाईबासा का मुकाबला इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर से होगा, जबकि दोपहर 2:30 बजे संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा और मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया के बीच मैच खेला जाएगा।

Related Post