जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र ओम कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। ओम ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर 98.40 प्रतिशत अंक अर्जित किए, जिससे न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
ओम कुमार का प्रदर्शन सभी विषयों में संतुलित और उत्कृष्ट रहा। उन्होंने गणित में 80, संस्कृत में 79, विज्ञान में 78, अंग्रेजी में 77 और हिंदी में 72 अंक हासिल किए। उनकी यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
बहरागोड़ा प्रखंड के बनकटा पंचायत अंतर्गत कैमी गांव निवासी ओम एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता कमलाकांत कर (पप्पू) अपने बेटे की इस उपलब्धि से बेहद खुश और गौरवान्वित हैं। ओम ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन लगभग 18 से 19 घंटे तक पढ़ाई की। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई से जुड़े जरूरी कार्यों तक ही सीमित रखा, जिससे उनका ध्यान पूरी तरह पढ़ाई पर केंद्रित रह सका।
ओम का सपना भविष्य में एक सफल इंजीनियर बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के शिक्षकों और ट्यूशन शिक्षकों हरिहर मैती, हेमंत कर और समीर गिरी को दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने मामा लोकेश कर के मार्गदर्शन को अपनी सफलता की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।
विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी इस वर्ष बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कौशिक शीट और शयन करण ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं मौसमी साहू और प्रज्ञान पैरा ने 94.60 प्रतिशत अंक लाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बासुदेव प्रधान और संकुल प्रमुख अशोक नायक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ओम कुमार जैसे छात्र पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं।

