Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

टाटानगर जंक्शन पर 26 अप्रैल को लेट ट्रेनों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, जनभागीदारी से उठेगी आवाज

जमशेदपुर। यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से परेशान यात्रियों की आवाज को संगठित रूप देने के लिए 26 अप्रैल को टाटानगर जंक्शन पर बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से आयोजित इस अभियान के जरिए यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।

केबुल टाउन में आयोजित बैठक में सरयू राय ने अभियान की विस्तृत रणनीति तय करते हुए इसे सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15-15 लोगों की टोलियां बनाकर स्टेशन के प्रत्येक प्लेटफार्म पर तैनात किया जाएगा। ये टोलियां यात्रियों से संवाद कर उनका फीडबैक लेंगी और उन्हें पर्चे उपलब्ध कराएंगी। इन पर्चों में क्यूआर कोड भी रहेगा, जिससे यात्री डिजिटल माध्यम से भी अपनी बात दर्ज कर सकेंगे।

अभियान के तहत स्टेशन परिसर के बाहर एक बड़ा वाइटबोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर यात्री अपने हस्ताक्षर कर इस पहल का समर्थन करेंगे। इससे रेल सेवाओं की स्थिति पर जनमत का स्पष्ट दस्तावेज तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में घाटशिला क्षेत्र के यात्रियों की समस्या भी उठाई गई। बताया गया कि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव घाटशिला में नहीं होता, जिससे यात्रियों को टाटानगर पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में यदि ट्रेनें यहां देर से पहुंचती हैं तो यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है।

इसके अलावा यह सवाल भी प्रमुखता से उठाया गया कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का निर्णय किस स्तर पर लिया जा रहा है। क्या यह फैसला भारतीय रेलवे बोर्ड द्वारा लिया गया है या चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम स्तर पर—इस पर स्पष्ट जवाब की मांग की गई।

इधर, इस अभियान को सफल बनाने के लिए जदयू महानगर इकाई की बैठक भी आयोजित हुई। महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, जबकि जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने टोली बनाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का सुझाव दिया। रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने आम नागरिकों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से 26 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे स्टेशन पहुंचकर अभियान में भाग लेने की अपील की।

बैठक में प्रमुख रूप से शिवशंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर, शंकर कर्मकार, शमशाद खान, चुन्नू भूमिज, प्रवीण सिंह, दुर्गा राव, विजय सिंह, संजीव सिंह, अशोक सिंह, मृत्युंजय शर्मा, दिनेश सिंह, देव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया।

Related Post