Breaking
Sat. Apr 25th, 2026

नशे में धुत युवक ने घर में लगाई आग, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिससे कुछ ही देर में पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग की सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक राजा प्रसाद पेशे से गाड़ी चालक है और पिछले कुछ दिनों से नशे की हालत में घर में लगातार हंगामा कर रहा था। उसकी मां पुतुल देवी और पड़ोसी सह विद्यार्थी परिषद से जुड़े अमन ठाकुर ने बताया कि बीते तीन दिनों से वह शराब के नशे में परिजनों के साथ झगड़ा कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी मां, पत्नी और तीनों बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन घर से बाहर निकाल दिया।

परिजनों को घर से निकालने के बाद राजा प्रसाद ने अंदर से दरवाजा बंद कर घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना के समय बस्ती में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि इलाका घनी आबादी वाला है और आग के फैलने का खतरा काफी बढ़ गया था।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस और समझदारी दिखायी। बस्ती के युवाओं ने पाइप और पानी के अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही आसपास के घरों से गैस सिलेंडरों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि आरोपी के घर में मौजूद सिलेंडर को भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित विस्फोट टल गया और एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और परिवार बेघर हो गया है।

Related Post