Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

कोहरे के नाम पर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद न हो, सातों दिन चले जम्मूतवी ट्रेन : सिख समाज

जमशेदपुर। सर्दी के मौसम में कोहरे का हवाला देकर टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन रद्द किए जाने की परंपरा को समाप्त करने की मांग को लेकर सिख समाज ने बुधवार को रेलवे के समक्ष अपनी बात रखी। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) कार्यालय पहुंचे, जहां समाज के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और रेल यात्रियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

डीआरएम ने सीजीपीसी कार्यालय परिसर स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। इसके बाद सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए अमृतसर जाने का महत्वपूर्ण साधन है। सर्दियों में ट्रेन रद्द होने से यात्रियों, श्रद्धालुओं और विशेष रूप से धार्मिक यात्रा पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। इसलिए कोहरे के बावजूद इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की व्यवस्था की जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर सप्ताह के सातों दिन परिचालन करने की मांग भी रखी। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि जम्मू और पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए वर्तमान परिचालन पर्याप्त नहीं है। ट्रेन के दैनिक परिचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें वैकल्पिक साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

डीआरएम तरुण हुरिया ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मांगों के संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे जोन और रेलवे बोर्ड को पत्राचार कर यात्रियों के हित में उचित एवं सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जल्द इन मांगों पर ठोस कार्रवाई करेगा।

Related Post