Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

नगजुआ स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

लोहरदगा। लोहरदगा-रांची रेलखंड पर बुधवार सुबह नगजुआ रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के डूमरटोली गांव निवासी सन्नी उरांव (45) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय लखवा उरांव के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि सन्नी उरांव बुधवार सुबह रांची जाने के लिए नगजुआ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान लोहरदगा से रांची की ओर जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की और मामले की जांच में जुट गई। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सन्नी उरांव ट्रेन की चपेट में किस तरह आए। पुलिस घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। शव की कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

Related Post