Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

डांडिया आयोजनों में धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग, बाराद्वारी कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार का आग्रह

जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में आयोजित होने वाले डांडिया कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को बजरंग सेवा संस्थान ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर धार्मिक मर्यादा, महिलाओं की सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। संस्था ने आरोप लगाया है कि डांडिया जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन अब व्यावसायिक गतिविधियों का रूप लेते जा रहे हैं। संस्था ने विशेष रूप से बाराद्वारी में प्रस्तावित डांडिया कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

ज्ञापन में संस्था ने कहा है कि जमशेदपुर में पिछले कुछ वर्षों से दुर्गा पूजा के दौरान होटल, मैदान और अन्य स्थानों पर डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डांडिया हिंदू धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा आयोजन है, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों में धार्मिक गरिमा बनाए रखने के साथ महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

संस्था का कहना है कि पूर्व में कुछ डांडिया आयोजनों के दौरान महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़, मारपीट और विवाद की शिकायतें सामने आती रही हैं। ज्ञापन में पिछले वर्ष टेल्को क्षेत्र में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान हुई अप्रिय घटना का भी उल्लेख किया गया है। संस्था ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी समुदाय के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि डांडिया आयोजनों में प्रवेश और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।

संस्था ने बाराद्वारी में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति से पहले आयोजक, आयोजन स्थल और सुरक्षा व्यवस्था की प्रशासनिक स्तर पर जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा डांडिया कार्यक्रमों में प्रवेश के दौरान टिकट के साथ पहचान-पत्र की जांच, महिला पुलिसकर्मियों और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन निकास और शिकायत सहायता केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। आयोजन स्थल की क्षमता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की भी पहले से जांच कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने वालों में बजरंग सेवा संस्थान के धर्मबीर कुशवाहा, जिला महासचिव प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे। संस्था ने उपायुक्त से जमशेदपुर में होने वाले सभी डांडिया कार्यक्रमों की अनुमति की सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

Related Post