Breaking
Fri. Oct 9th, 2026

आदित्यपुर सड़क हादसा में साइकिल सवार अधेड़ की मौत, पत्नी गंभीर, बाइक चालक फरार

आदित्यपुर।सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना आदित्यपुर एनआईटी के समीप कालियाडूंगरी मुख्य सड़क पर उस समय हुई, जब दंपती साइकिल से सरायकेला की ओर जा रहे थे।

मृतक की पहचान बारुघुटु निवासी काठिया प्रधान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काठिया प्रधान अपनी पत्नी के साथ किसी पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए साइकिल से निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने काठिया प्रधान को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं उनकी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि काठिया प्रधान आदित्यपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी कोई संतान नहीं थी, जिससे घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Post