जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत बामनी गांव के पास सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल तीन मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मंगलवार को एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान जोड़सा पंचायत के घोड़ाबांधा गांव निवासी 37 वर्षीय राजमिस्त्री बुद्धेश्वर सिंह के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बुद्धेश्वर सिंह समेत कई मजदूर जमशेदपुर शहर से काम खत्म कर टाटा मैजिक (यात्री वाहन) से अपने गांव लौट रहे थे। वाहन में पहले से ही क्षमता से अधिक लोग सवार थे और कुछ मजदूर छत पर बैठे हुए थे। जैसे ही वाहन पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने लगा और गाड़ी डगमगाने लगी। वाहन के पलटने की आशंका से घबराए छत पर बैठे मजदूरों ने चलती गाड़ी से ही छलांग लगा दी।
इस दौरान तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान बुद्धेश्वर सिंह की हालत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वाहन में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

