Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

झारखंड में पुलिस नेतृत्व पूरी तरह बदला, 46 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, जमशेदपुर के सिटी और ग्रामीण एसपी समेत कई अहम चेहरे बदले

जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस व्यापक बदलाव का सबसे बड़ा असर जमशेदपुर पर देखने को मिला है, जहां सिटी और ग्रामीण दोनों एसपी को बदलते हुए पुलिस नेतृत्व को पूरी तरह नया रूप दिया गया है।

जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग को खूंटी का नया एसपी बनाया गया है। वहीं सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को कोडरमा भेजा गया है। अब शहर की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नए सिटी एसपी ललित मीणा के हाथों में होगी, जो पहले चैनपुर में एसडीपीओ थे। इसके साथ ही शुभम कुमार खंडेलवाल को जमशेदपुर का नया ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है।

राज्य स्तर पर भी कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एडीजी मनोज कौशिक को अतिरिक्त प्रभार देते हुए एडीजी मुख्यालय बनाया गया है। पंकज कंबोज को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड का एमडी बनाए रखते हुए एडीजी मानवाधिकार का दायित्व दिया गया है। झारखंड विद्युत बोर्ड की सुरक्षा और निगरानी से जुड़े डीजीपी को अगले आदेश तक आईजी अभियान रांची बनाया गया है।

आईजी रैंक में शैलेंद्र कुमार सिंह को पलामू से हटाकर बोकारो का आईजी बनाया गया है। क्रांति कुमार गड़देशी को आईजी मानवाधिकार से हटाकर झारखंड विद्युत बोर्ड में आईजी निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। माइकल राज एस को आईजी अभियान रांची से हटाकर आईजी रेल बनाया गया है। सुनील भास्कर को आईजी बोकारो से हटाकर आईजी झारखंड सशस्त्र पुलिस नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। निधि द्विवेदी को पाकुड़ से हटाकर सरायकेला-खरसावां का एसपी बनाया गया है। आशुतोष शेखर को गढ़वा का एसपी बनाया गया है। देवघर के एसपी सौरव को विशेष शाखा में भेजा गया है। अनुदीप सिंह को कोडरमा से हटाकर पाकुड़ का एसपी बनाया गया है। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर को देवघर का नया एसपी बनाया गया है।

सरायकेला-खरसावां के एसपी मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़ भेजा गया है, जबकि रामगढ़ के एसपी अजय कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में नियुक्त किया गया है। नाथू सिंह मीणा को विशेष शाखा से हटाकर बोकारो का एसपी बनाया गया है। चतरा के एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को एसीबी भेजा गया है और अनिमेष नैथानी को चतरा का नया एसपी बनाया गया है।

गढ़वा के एसपी अमन कुमार को हजारीबाग का एसपी बनाया गया है। धनबाद ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी को पलामू भेजा गया है। खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो को एनसीआरबी में पदस्थापित किया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण तबादलों में दीपक कुमार पांडेय को एआईजी सह डीजी का विशेष सहायक बनाया गया है। दीपक कुमार वर्मा को पुलिस मुख्यालय में अभियान का एसपी बनाया गया है। अंजनी अनजान को हजारीबाग से हटाकर झारखंड सशस्त्र पुलिस बल-5 धनबाद का समादेष्टा बनाया गया है। रीषमा रमेशण को पलामू से हटाकर झारखंड सशस्त्र पुलिस-9 साहिबगंज का समादेष्टा बनाया गया है। कुसुम पूनिया को झारखंड सशस्त्र पुलिस-9 से हटाकर झारखंड सशस्त्र पुलिस-8 का समादेष्टा बनाया गया है।

शंभू कुमार सिंह को जामताड़ा का एसपी बनाया गया है। मुगल राजपुरोहित को धनबाद का रेल एसपी नियुक्त किया गया है। राजकुमार मेडला को जामताड़ा से हटाकर आतंक विरोधी दस्ता में एसपी बनाया गया है। ऋषभ कुमार झा को झारखंड सशस्त्र पुलिस बल बोकारो का समादेष्टा बनाया गया है। एस मोहम्मद याकूब को धनबाद का ग्रामीण एसपी और गौरव गोस्वामी को रांची का ग्रामीण एसपी बनाया गया है।

निचले स्तर पर भी कई अधिकारियों के पद बदले गए हैं। निखिल राज को रांची कोतवाली का एएसपी, ऋषभ द्विवेदी को जमशेदपुर का एएसपी बनाया गया है। नगरगोजे शुभम भाऊ साहेब को सिमरिया का एसडीपीओ बनाया गया है। श्रुति को चैनपुर, दिव्यांश शुक्ला को हुसैनाबाद, राघवेंद्र शर्मा को पतरातू और सैयद मुस्तफा हाशमी को चक्रधरपुर का एसडीपीओ बनाया गया है। हरविंदर सिंह को विशेष शाखा रांची का एसपी बनाया गया है।

इस बड़े पैमाने पर हुए फेरबदल से साफ है कि सरकार पुलिस प्रशासन को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाना चाहती है। खासकर जमशेदपुर में नए सिटी और ग्रामीण एसपी की तैनाती को शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Post