जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने राज्य की प्रशासनिक और विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात बड़े पैमाने पर अधिकारियों का तबादला किया। इस व्यापक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 17 अधिकारियों और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 46 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस निर्णय का सबसे बड़ा असर जिलों के प्रशासनिक ढांचे पर पड़ा है, जिसमें पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) प्रमुख रूप से केंद्र में है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को पद से हटाते हुए कार्मिक विभाग में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। कर्ण सत्यार्थी ने 27 मई 2025 को उपायुक्त का पद संभाला था और उनका कार्यकाल लगभग साढ़े दस महीने का रहा।
पूर्वी सिंहभूम में उपायुक्तों के लगातार कम होते कार्यकाल को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। वर्ष 2019 के बाद से यहां रविशंकर शुक्ला, सूरज कुमार, विजया जाधव, मंजूनाथ भजंत्री और अनन्य मित्तल जैसे अधिकारी एक से डेढ़ साल के भीतर ही बदल दिए गए। इससे प्रशासनिक स्थिरता और योजनाओं के दीर्घकालिक क्रियान्वयन पर सवाल उठते रहे हैं। इसके विपरीत 2019 से पहले उपायुक्तों का कार्यकाल सामान्यतः ढाई से तीन वर्षों तक हुआ करता था।
इसी क्रम में पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) का नया उपायुक्त बनाया गया है। दोनों जिलों के वर्तमान उपायुक्तों को अब कार्मिक विभाग में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस महकमे में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। राज्य के 16 जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों (SP) की नियुक्ति की गई है, जबकि कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक को एडीजी मुख्यालय झारखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि पंकज कंबोज को आईजी मानवाधिकार की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
तबादले और नई पदस्थापनाओं के तहत नरेन्द्र कुमार सिंह को आईजी पलामू, शैलेंद्र सिन्हा को बोकारो जोनल आईजी, क्रांति गडीदेशी को आईजी निगरानी सह सुरक्षा झारखंड विद्युत बोर्ड रांची, माइकल राज एस को रेल आईजी और सुनील भास्कर को जैप आईजी बनाया गया है।
आनंद प्रकाश (डीआईजी बोकारो) को पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है, जबकि प्रशांत आनंद को वायरलेस एसपी बनाया गया है।
जिला स्तर पर नई नियुक्तियों में निधि द्विवेदी को सरायकेला, आशुतोष शेखर को गढ़वा, अनुदीप सिंह को पाकुड़, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, अमन कुमार को हजारीबाग, कपिल चौधरी को पलामू, नाथू सिंह मीणा को बोकारो और अनिमेष नैथानी को चतरा का एसपी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सौरभ (पूर्व एसपी देवघर) को एसआईबी एसपी, अजय कुमार व सुमित अग्रवाल को एसीबी एसपी, कुमार शिवाशीष को कोडरमा एसपी, मनीष टोप्पो को एससीआरबी एसपी, दीपक कुमार पांडे को एआईजी सह डीजी के विशेष सहायक, दीपक कुमार शर्मा को एसपी अभियान मुख्यालय बनाया गया है।
अंजनी अनजान को जैप-5 देवघर, रेशमा रमेशन को जैप-9 और कुसुम पूनिया को जैप-8 का कमांडेंट बनाया गया है। हरविंदर सिंह को स्पेशल ब्रांच, शंभू सिंह को जामताड़ा, मूमल राजपुरोहित को रेल एसपी धनबाद, ऋषभ गर्ग को खूंटी, राजकुमार मेहता को एटीएस एसपी और मोहम्मद याकूब को धनबाद ग्रामीण एसपी बनाया गया है।
इसी क्रम में गौरव गोस्वामी को रांची ग्रामीण एसपी, शुभम कुमार खंडेलवाल को ग्रामीण एसपी जमशेदपुर और ललित मीणा को सिटी एसपी जमशेदपुर की जिम्मेदारी दी गई है
अन्य नियुक्तियों में नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब को सिमरिया एसडीपीओ, निखिल कुमार राय को कोतवाली रांची एएसपी, ऋषभ त्रिवेदी को एएसपी मुख्यालय-1 जमशेदपुर, श्रुति को एसडीपीओ चैनपुर, दिव्यांश शुक्ला को एसडीपीओ हुसैनाबाद, राघवेंद्र शर्मा को एसडीपीओ पतरातु और सैयद मुस्तफा हाशमी को एसडीपीओ चक्रधरपुर बनाया गया है।
सरकार का कहना है कि यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था, तेज प्रशासनिक निर्णय और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखकर किया गया है। खासकर पूर्वी सिंहभूम में नए उपायुक्त की नियुक्ति के बाद जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल सभी अधिकारियों को शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है और आने वाले समय में इन बदलावों का असर जिलों की कार्यप्रणाली में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।

