बोकारो:-: शनिवार को जिला रामरुद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बोकारो में भारतीय वायु सेना द्वारा अग्निवीर योजना के अंतर्गत एक जागरूकता एवं प्रचार अभियान का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का संचालन जूनियर वारंट ऑफिसर अजय शर्मा एवं मंदीप द्वारा किया गया, जो अपनी टीम के साथ 10 एयरमेन चयन केंद्र, बिहटा, पटना (बिहार) से पधारे थे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना में अग्निवीर के रूप में करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
विद्यालय के लगभग 100 NCC कैडेट्स ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम अत्यंत इंटरैक्टिव रहा, जिसमें कैडेट्स ने विभिन्न प्रश्न पूछे और वायु सेना की टीम द्वारा उनके सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया गया। इस दौरान चयन प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण, अनुशासन एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, बोकारो, जगरनाथ लोहरा ने अपने संदेश में कहा:
“इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। भारतीय वायु सेना जैसी प्रतिष्ठित संस्था से सीधे संवाद का अवसर मिलना गर्व की बात है। मैं विद्यालय परिवार एवं वायु सेना की टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूँ और आशा करता हूँ कि हमारे विद्यार्थी देश सेवा के लिए प्रेरित होंगे।”
विद्यालय के प्राचार्य, अजीत कुमार दास ने अपने संदेश में कहा:
“हमारे विद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैं भारतीय वायु सेना की टीम का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हमारे NCC कैडेट्स को मार्गदर्शन प्रदान किया। यह अभियान निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने भारतीय वायु सेना की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

