Breaking
Thu. Apr 16th, 2026

ट्रांसफार्मर पर चढ़े युवक की करंट लगने से मौत, मानसिक स्थिति बताई जा रही थी असामान्य

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रामचंद्रपुर गांव निवासी गंगा तांती के रूप में हुई है, जो अपने मामा के घर मेहमान बनकर आया हुआ था। घटना सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब अचानक वह घर के बाहर से उठकर पास स्थित ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया।

जानकारी के अनुसार, गंगा तांती अपनी पत्नी के साथ बुधवार को देवगांव स्थित अपने मामा बाबू तांती के घर आया था। घर छोटा होने के कारण उसकी पत्नी अंदर सो रही थी, जबकि गंगा तांती बाहर सोया हुआ था। सुबह अचानक उसकी गतिविधि संदिग्ध हो गई और वह सीधे ट्रांसफार्मर की ओर चला गया। देखते ही देखते वह ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और तेज करंट की चपेट में आकर उसी से चिपक गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी ने तत्काल बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पहले लाइन काटी, जिसके बाद युवक को ट्रांसफार्मर से नीचे उतारा गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।

मृतक के बड़े भाई जुगल तांती ने बताया कि गंगा तांती और उसकी पत्नी दोनों ही मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। इसी कारण वह इस तरह की हरकत कर बैठा, जिससे उसकी जान चली गई। गंगा तांती पेशे से दैनिक मजदूर था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

इस संबंध में चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

Related Post