Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

दहशत फैलाने वालों को पुलिस ने सिखाया सबक, हथकड़ी-बेड़ी में सड़क पर घुमाकर भेजा जेल

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड में कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद सख्त संदेश देने के अंदाज में पेश किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को उनकी “औकात” का अहसास कराते हुए इलाके की सड़कों पर पैदल घुमाया। इस दौरान उनके कमर में रस्सी बांधी गई थी और हाथों में हथकड़ी लगी थी।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी सिर झुकाए, हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आए। जिन सड़कों पर उन्होंने हथियार दिखाकर डर का माहौल बनाया था, वहीं आज वे खुद लोगों के बीच शर्मिंदा होते दिखे। स्थानीय लोगों की भीड़ इस नजारे को देखने के लिए जुट गई और पुलिस की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा गया।

बताया जाता है कि 1 अप्रैल की रात गंगौर स्वीट्स के सामने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान ने अपने साथी मो. सलमान के साथ मिलकर कट्टा लहराते हुए लोगों को डराया था और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और 2 अप्रैल को दोनों को ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 (कपाली लिंक रोड) के पास से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी के पास से देशी कट्टा और उसके साथी के पास से 8 एमएम की जिंदा गोली बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शहर में दहशत फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी और सार्वजनिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में डर और आम लोगों में भरोसा बना रहे।

Related Post