Breaking
Wed. May 20th, 2026

24 घंटे में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी अजित मुंडा के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पास से चोरी में प्रयुक्त औजार और नगदी बरामद की गई है।

शुक्रवार को जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अजित मुंडा ने बताया कि 2 अप्रैल की रात क्षेत्र के तीन दुकानों के ताले तोड़े गए थे। हालांकि, इन दुकानों में चोर चोरी करने में असफल रहे। इसी दौरान एक पान दुकान को निशाना बनाते हुए चोर ने ताला काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया और दुकान से नगदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और आसपास के क्षेत्रों में जांच अभियान शुरू किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवक विष्णु मुर्मू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने आरोपी के पास से 1,300 रुपये नगद, लोहे का कटर, प्लास (प्लायर) और कुछ सिगरेट के पैकेट बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Related Post