Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

आदित्यपुर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, स्कूटी सवार महिला से 6 लाख की सोने की चेन लूटी

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित हरिओम नगर रोड नंबर-3 में गुरुवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब सात बजे सीमा सिंह अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो हेलमेट पहने बदमाश उनके करीब पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत लगभग छह लाख रुपये है। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। सुबह के समय रिहायशी इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं दिख रही है।

पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि हेलमेट पहनकर वारदात को अंजाम देना अपराधियों की सोची-समझी रणनीति हो सकती है, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। संभावना व्यक्त की जारही है कि यह अपराधी वहीं हो सकतें हैं जो सुबह के समय जमशेदपुर के सोनारी में महिला से छिनताई कर भागे है।

Related Post