Breaking
Fri. Oct 9th, 2026

धनबाद में तड़के फायरिंग से दहशत, व्यवसायी के घर के बाहर खड़ी ऑटो पर चली गोलियां*

धनबाद/चिरकुंडा :* चिरकुंडा थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी में रविवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात अपराधियों ने स्थानीय व्यवसायी रोशन बर्णवाल के घर के बाहर खड़ी ऑटो पर फायरिंग कर दी। अपराधियों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दहशत में लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रतिबंधित मांगुर मछली के कारोबार में वर्चस्व को लेकर अंजाम दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही चिरकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाना ले जाया गया है। फिलहाल अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।

पीड़ित व्यवसायी रोशन बर्णवाल के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। घटना के बाद से परिवार और आसपास के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से मछली, बालू, कोयला और अन्य अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

गौरतलब है कि इससे पहले निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी प्रेसवार्ता कर इलाके में अवैध कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा चुके हैं।

Related Post