Breaking
Mon. May 11th, 2026

ऑपरेशन “संरक्षा” में आरपीएफ की कार्रवाई, प्रतिबंधित पटाखों के साथ युवक गिरफ्तार

रांची। रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ पोस्ट रांची ने एक अहम कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पटाखों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंडलीय सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर संचालित ऑपरेशन “संरक्षा” के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे लगेज स्कैनर के पास सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक यात्री संदिग्ध सामान के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान पंकज कुमार (24 वर्ष), निवासी पलामू, झारखंड के रूप में हुई।

जांच के दौरान उसके पास मौजूद दो बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल नौ पैकेट पटाखे बरामद हुए। इन पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 6,800 रुपये बताई जा रही है। चूंकि ये पटाखे ज्वलनशील प्रकृति के हैं और रेलवे परिसर में इनके ले जाने पर प्रतिबंध है, इसलिए यह मामला गंभीर माना गया। पूछताछ के दौरान आरोपी इन पटाखों के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद आरपीएफ ने बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट रांची में 18 अप्रैल 2026 को रेलवे अधिनियम की धारा 164 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

Related Post