जमशेदपुर। टाटा मेन हॉस्पिटल यानी टीएमएच एम्प्लॉइज को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की ओर से शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को टीएमएच परिसर में दो नए हर्स एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जीएम-एमएस डॉक्टर विनीता सिंह रहीं, जिन्होंने विधिवत फीता काटकर इन एम्बुलेंस सेवाओं की शुरुआत की।
कार्यक्रम में अस्पताल के विभिन्न विभागों के प्रमुख, को-ऑपरेटिव सोसाइटी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस नई पहल के तहत शुरू की गई हर्स एम्बुलेंस सेवा न केवल टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बल्कि गैर-कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध रहेगी, जिससे आम जनता को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर विनीता सिंह ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे समय में जब परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजरते हैं, यह सेवा उन्हें सम्मानजनक और बेहतर सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं किसी भी अस्पताल की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती हैं।
नए हर्स एम्बुलेंस के शामिल होने से टीएमएच की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि यह पहल अंतिम यात्रा से जुड़ी सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

