Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

संपत्ति मूलक अपराध का वांछित वारंटी गिरफ्तार

जमशेदपुर। शहर में बढ़ते संपत्ति मूलक अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे समकालीन अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। आजाद नगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे संपत्ति मूलक अपराध के वांछित वारंटी मोहम्मद तौफीक उर्फ बाबू को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद तौफीक उर्फ बाबू की उम्र करीब 25 वर्ष है। वह मोहम्मद शफीक का पुत्र है और आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर 17, क्रॉस रोड नंबर 01, ग्रीन वैली का निवासी है। आरोपी के विरुद्ध संपत्ति से जुड़े आपराधिक मामलों में वारंट निर्गत था, जिसकी तामील के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। समकालीन अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई में आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में 50 अ.नि. मनीष कुमार राय तथा स.अ.नि. विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में संपत्ति मूलक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समकालीन अभियान के तहत फरार अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Related Post