जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और सदर अस्पताल पहुंचकर ब्रेन मलेरिया से पीड़ित भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
एमजीएम अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल के वार्डों का जायजा लिया। छठी मंजिल पर भर्ती ब्रेन मलेरिया एवं अन्य मलेरिया मरीजों से मिलकर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को दवा, जांच, रक्त, बेड या अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में लगातार चिकित्सा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में भर्ती अधिकांश मरीजों की स्थिति स्थिर है, हालांकि दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने बताया कि पोटका प्रखंड के प्रभावित गांवों में घर-घर सर्वे, मलेरिया जांच, दवा वितरण, जागरूकता अभियान और संक्रमण रोकथाम के उपाय तेज किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा मौजूद रहे। उपायुक्त ने अस्पताल में जलापूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए कहा कि 15 जुलाई तक नियमित पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

