चतरा: जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए एक साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कलिया नावाडीह निवासी सनोज सिंह, पिता उमेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से कई फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामानों में चार मोबाइल फोन, लैपटॉप, चार्जर, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, जाली कागजात सहित एक ही नाम पर बनाए गए कई पहचान पत्र के अलावा एक अर्टिगा कार और एक स्कूटी भी जब्त की है। मामले को लेकर राजपुर थाना में कांड दर्ज करते हुवे आगे की कार्रवाई की जा रही है।

