Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*उपायुक्त ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के नोटिस एवं सुनवाई प्रक्रिया का लिया जायजा*

चाईबासा: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में संचालित नोटिस चरण एवं सुनवाई अभियान की प्रगति का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने क्षेत्र भ्रमण कर जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-42, आंगनबाड़ी केंद्र कुंदूबेरा पहुंचकर नोटिस एवं सुनवाई प्रक्रिया के तहत चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई प्रक्रिया को देखा। उन्होंने मतदाताओं की पहचान, निवास, जन्म तिथि और मतदाता सूची में दर्ज विवरण से संबंधित प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों का अवलोकन किया। साथ ही दस्तावेजों के आधार पर संबंधित प्रविष्टियों के सत्यापन और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी ली।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त प्रत्येक मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाए। प्रस्तुत दस्तावेजों की नियमानुसार जांच करते हुए मतदाता सूची में पाई जाने वाली विसंगतियों का पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुनवाई के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और लिए गए निर्णयों का उचित अभिलेखीकरण करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

नोटिस चरण के तहत वैसे मतदाताओं के मामलों की जांच और सुनवाई की जा रही है, जिनकी मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में विसंगतियां पाई गई हैं या सत्यापन के दौरान अतिरिक्त दस्तावेज अथवा स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हुई है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रहें और अपात्र, दोहराव या अन्य विसंगतिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत कर सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की।

मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और सूची की प्रविष्टियां शुद्ध एवं अद्यतन रहें, इसके लिए सभी पदाधिकारी और कर्मी गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करें।

मौके पर सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Related Post