Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

59 किलो गांजा के साथ छह गिरफ्तार, 50 लाख की खेप बरामद

जमशेदपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक पर रविवार देर रात चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 59 किलो गांजा बरामद करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान की योजना तैयार की थी। इसी के तहत प्लान बी के तहत रात दो बजे से सुबह चार बजे तक लिट्टी चौक पर वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान रात करीब 2.25 बजे एग्रिको गोलचक्कर की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को चेकिंग करते देख बाइक सवारों ने मौके से पहले ही वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस जवानों ने जब उनका पीछा किया तो उसी दिशा में एक सफेद बोलेरो भी तेजी से भागती नजर आई। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

पुलिस ने सशस्त्र बल की मदद से बोलेरो और मोटरसाइकिल सवारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बोलेरो में गांजा रखा गया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर जमशेदपुर में खुदरा कारोबारियों तक पहुंचाया जाता था।

इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में बोलेरो की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 59 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से सफेद रंग की बोलेरो, एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल, तीन हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार राव उर्फ अप्पा, मोतीलाल तांती उर्फ सूरज, गणेश निषाद, संतोष कुमार, लालचंद दास और राकेश प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। राजू कुमार राव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ चोरी, मारपीट और उत्पाद अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पूर्व में केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मामले को लेकर सिदगोड़ा थाना में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ओडिशा से गांजा लाकर जमशेदपुर में किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाता था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Post