Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

टॉक्सिक ने हैदराबाद में मचाया धमाल, 45 हजार से ज्यादा फैंस के बीच यश और टीम ने किया मेगा सेलिब्रेशन

मुंबई : रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ की रिलीज को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की 26 अगस्त को होने वाली वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल रिलीज से पहले 22 अगस्त को हैदराबाद में एक भव्य प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया, जिसमें 45 हजार से ज्यादा फैंस शामिल हुए।

मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी ग्राउंड्स में आयोजित इस मेगा इवेंट में यश के साथ कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर ने मंच संभाला। फिल्म के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण और प्रोड्यूसर दिल राजू भी इस खास मौके पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह साफ नजर आया।

यश ने तेलुगु ऑडियंस का जताया आभार

इवेंट के दौरान यश ने तेलुगु दर्शकों से मिले प्यार और समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ‘केजीएफ’ के बाद से तेलुगु ऑडियंस के साथ बने अपने खास कनेक्शन को याद करते हुए कहा कि सिनेमा भाषाओं और सीमाओं से कहीं आगे है।

यश ने कहा, “कोई बाउंड्रीज नहीं हैं, कोई बैरियर्स नहीं हैं, कोई पॉलिटिक्स नहीं है। लैंग्वेज से परे, बॉर्डर्स से परे, ह्यूमैनिटी है, लव है और ऑनिस्टी है।”

भारतीय सिनेमा की बढ़ती पहुंच पर बात करते हुए यश ने कहा कि अब सभी को मिलकर इंडियन सिनेमा को ग्लोबल मैप पर एक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने इवेंट में मौजूद स्टूडेंट्स से बड़े सपने देखने, मेहनत करने और अपनी जिंदगी की जिम्मेदारी खुद लेने की भी अपील की।

कियारा ने कहा- ‘टॉक्सिक’ सिर्फ एक भाषा की फिल्म नहीं

हैदराबाद से अपने खास जुड़ाव का जिक्र करते हुए कियारा आडवाणी ने तेलुगु दर्शकों के प्यार को याद किया। उन्होंने अपनी पहली तेलुगु फिल्म ‘भारत अने नेनु’ से जुड़ी यादें साझा कीं और कहा कि तेलुगु ऑडियंस जैसा प्यार कहीं और नहीं मिलता।

कियारा ने कहा, “टॉक्सिक सिर्फ एक कन्नड़ फिल्म नहीं है। यह सिर्फ एक इंग्लिश फिल्म नहीं है। यह उतनी ही तेलुगु फिल्म है, उतनी ही तमिल, मलयालम और हिंदी फिल्म है, क्योंकि यह एक इंडियन फिल्म है।”

उन्होंने दर्शकों से 26 अगस्त को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की और कहा कि अब दर्शकों को फिल्म की असली ‘सोल’ देखने का मौका मिलेगा।

रुक्मिणी वसंत ने बताया बकेट लिस्ट मोमेंट

रुक्मिणी वसंत ने मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स और फैंस का उनकी जबरदस्त एनर्जी के लिए आभार जताया। फिल्म की टीम के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए उन्होंने यश के साथ काम करने को अपने लिए खास मौका बताया।

रुक्मिणी ने कहा, “रॉकिंग स्टार यश सर, आपके साथ काम करना सच में एक जॉय रहा है। यह मेरे लिए एक रियल बकेट लिस्ट मोमेंट था।”

हुमा कुरैशी ने गीतू मोहनदास के विजन को सराहा

हुमा कुरैशी ने भी हैदराबाद में मिले शानदार रिसेप्शन के लिए दर्शकों का आभार जताया। फिल्म के साथ अपनी जर्नी को याद करते हुए उन्होंने डायरेक्टर गीतू मोहनदास के विजन की तारीफ की।

हुमा ने कहा कि जब गीतू मोहनदास ने पहली बार उन्हें इस किरदार के लिए अप्रोच किया था, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह इतिहास का हिस्सा बनने जा रही हैं। उन्होंने फिल्म के बड़े विजन के लिए यश की भी तारीफ की और कहा कि सिनेमा को सभी के लिए बदलने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

26 अगस्त को दुनियाभर में रिलीज होगी फिल्म

हैदराबाद का यह प्री-रिलीज इवेंट ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ के प्रमोशनल सफर में एक अहम पड़ाव बन गया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लगातार बढ़ रही उत्सुकता के बीच अब निगाहें 26 अगस्त पर टिकी हैं, जब यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की रिलीज से पहले हैदराबाद में उमड़ी भारी भीड़ और यश समेत पूरी टीम के लिए फैंस का उत्साह इस बात का संकेत दे रहा है कि ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों की बेसब्री रिलीज के करीब पहुंचते-पहुंचते और बढ़ गई है।

Related Post