रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर पंकज पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, गंभीर घायल की रिम्स ले जाते समय मौत*
*रांची :* रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना सुबह करीब आठ बजे पंकज पेट्रोल पंप के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, चोरया निवासी पवन साहू यात्रियों को लेकर ऑटो से रांची जा रहे थे। इसी दौरान पंकज पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के क्रम में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे में चोरया निवासी धनेश ठाकुर (62), ऑटो चालक पवन साहू, बसंती देवी (30) और सरोजा देवी (42) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मांडर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल धनेश ठाकुर को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि धनेश ठाकुर चोरया गांव के निवासी थे और रांची कचहरी परिसर में निजी कार्य करते थे। वे प्रतिदिन गांव से रांची आना-जाना करते थे। हादसे के बाद उनके परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

