Breaking
Fri. Jun 26th, 2026

रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रक से टकराई सवारी गाड़ी, बैंड-ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की मौत, एक की हालत गंभीर

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के समीप रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारगामरचा गांव और बलसगरा क्षेत्र के बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े लोग एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात सवारी वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीसीएल की तोपा कोलियरी से वैध कोयला लेकर धनबाद की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक लारी-बरलौंग के पास अनियंत्रित होकर सवारी वाहन से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। आशंका है कि ओवरटेक करने के दौरान ट्रक गलत दिशा में चला गया, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है।

दुर्घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया और सड़क सुरक्षा, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास किया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने तथा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिन परिवारों के सदस्य रोजी-रोटी कमाने के लिए बैंड-ताशा बजाने का कार्य करते थे, उन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मृतकों की पहचान और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की तैयारी में जुटी हुई है।

Related Post