Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

सड़क हादसे में छह बच्चों की मां की मौत, समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत कुला गांव में हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार को घर के पास पानी भर रही 35 वर्षीय गुरुवारी बोयपाई को एक स्कूटी ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूटी चालक नियंत्रण खो बैठा और महिला उसकी चपेट में आ गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। काफी देर बाद उन्हें सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से गांव में शोक की लहर है।

मृतका के पति सुरेश बोयपाई रोजी-रोटी के लिए चेन्नई में काम करते हैं। पीछे छह छोटे बच्चे रह गए हैं, जिनमें एक शिशु बेटी भी शामिल है। मां के निधन के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में आपात चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य संसाधनों को मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि ऐसी घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार मिल सके।

Related Post