Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

भरत तिवारी हत्याकांड के विरोध में डिमना चौक पर प्रदर्शन, श्रद्धांजलि सभा आयोजित

जमशेदपुर: बिहार के भोजपुर में मारे गए युवा नेता भरत तिवारी की हत्या के विरोध में गुरुवार को डिमना चौक पर श्रद्धांजलि सभा और विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी रीता सिंह ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा मोमबत्तियां जलाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए इसे दुखद और निंदनीय बताया तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

श्रद्धांजलि सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का चित्र प्रतीकात्मक रूप से जमीन पर रखकर उसके खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया और भरत तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी की हत्या से समाज में आक्रोश है और जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की त्वरित जांच कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

कार्यक्रम में विकास सिंह, रीता सिंह, कुंजन सिंह, ममता कुमारी, चारुलता पांडा, पूनम मिश्रा, कमला देवी, कविता देवी, मधु सिंह, श्वेता ओझा, आशीष श्रीवास्तव, सत्यम ओझा और भवानी महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।

Related Post