चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को चाईबासा सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। “प्रगति पत्र पर अग्रसर 12 वर्षों की यात्रा : सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड प्रभारी सह क्योझर सांसद अनंत नायक ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रखा।
सांसद अनंत नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह समय राष्ट्र प्रथम के मंत्र, लोक सेवा के संकल्प और अंत्योदय के लक्ष्य को समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तकनीक के माध्यम से आम लोगों को जोड़ने का काम किया है। डिजिटल भुगतान, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और पारदर्शी शासन व्यवस्था से लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि “विरासत भी, विकास भी” के मंत्र के साथ देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के क्षेत्र में भी कार्य किए गए हैं।
प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, रोजगार और सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। जनजातीय गौरव दिवस, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति योजनाएं, कौशल विकास कार्यक्रम और स्वरोजगार योजनाओं से आदिवासी युवाओं को अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य केंद्र सरकार की प्राथमिकता रही है।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को झारखंड में राज्य सरकार अपेक्षित गति से लागू नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने से विकास योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंच सकता है।
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडेय और सतीश पुरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद अनंत नायक ने चाईबासा कैफेटेरिया परिसर में “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री चंदन झा, भूषण पाट पिंगुवा, जिला उपाध्यक्ष चंद्र मोहन तिऊ, सनी पासवान, अमरेश प्रधान, रूपा दास, राजश्री बांद्रा, रमेश खिरवाल, राकेश पोद्दार, प्रताप कटियार महतो, मृदुला निषाद, बिरजू रजक, लिलटु यादव, हेमंत केसरी, पंकज खिरवाल, अनंत सायनम, हर्ष रवानी, पिंटू प्रसाद, जय किशन बिरुली, नीरेश देवगम, मनोज आजाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

