चाईबासा: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका आदर्श मध्य विद्यालय, चाईबासा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी और जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4 लाख 97 हजार 431 बच्चों, किशोरों और किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना, उनके पोषण स्तर में सुधार लाना और शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा जरूर दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने कहा कि कृमि संक्रमण से बच्चों में एनीमिया, कमजोरी, कुपोषण, पेट दर्द और पढ़ाई में ध्यान की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल दवा सुरक्षित और प्रभावी है। जो बच्चे किसी कारणवश पहले दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को नियमित हाथ धोने, स्वच्छ भोजन और साफ पेयजल के उपयोग के लिए जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे इस अभियान में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शिक्षकों, सेविका-सहायिका, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

