जमशेदपुर। बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित फ्लैटों का लंबे समय से इंतजार कर रहे लाभुकों को आखिरकार 19 जून को अपने घर की चाबी मिलने जा रही है। नगर विकास मंत्री शुभेंदु कुमार सोनू (Sudivya Kumar Sonu )ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत लाभुकों को आवास सौंपा जाएगा। हालांकि इस घोषणा के साथ ही राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ भी सामने आ गई है, क्योंकि जमशेदपुर की दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों ने इस उपलब्धि को अपने प्रयासों का परिणाम बताते हुए अलग-अलग बयान जारी किए हैं।
जमशेदपुर पश्चिम के जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि नगर विकास मंत्री ने उन्हें फोन कर जानकारी दी है कि 19 जून को हर हाल में लाभुकों को फ्लैट की चाबी सौंप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने फ्लैटों में हुई टूट-फूट और मरम्मत का मुद्दा भी मंत्री के समक्ष उठाया था, जिसे स्वीकार करते हुए सरकार ने मरम्मत कार्य सरकारी खर्च पर कराने का निर्णय लिया है। सरयू राय ने इसे लाभुकों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और मंत्री के प्रति आभार जताया।
वहीं जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने भी बयान जारी कर कहा कि बिरसानगर पीएम आवास योजना के लाभुकों को 19 जून को गृह प्रवेश कराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आवास आवंटन में हो रही देरी को लेकर वह लगातार नगर विकास विभाग, विभागीय सचिव और मंत्री के संपर्क में थीं तथा विधानसभा और दिशा समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रही हैं। उनके अनुसार, लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप अब हजारों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिरसानगर आवासीय परियोजना में 9,592 फ्लैटों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब 19 जून को लाभुकों को आवास सौंपे जाने की घोषणा के बाद जहां परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं इस उपलब्धि का श्रेय लेने को लेकर दोनों विधायकों के अलग-अलग दावों ने राजनीतिक चर्चा भी तेज कर दी है।

