Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

चोरी की बाइक के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, ब्राउन शुगर तस्करी में भी जा चुका है जेल

जमशेदपुर।परसुडीह थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक शातिर अपराधी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार युवक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में भी जेल जा चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

सोमवार को परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ की। जब उससे वाहन के वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद बाइक की जांच की गई, जिसमें वह चोरी की निकली। पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोपोडेरा निवासी 23 वर्षीय अरविंद शर्मा उर्फ कैंडी उर्फ छोटू के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरविंद शर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है। सितंबर 2025 में वह ब्राउन शुगर तस्करी के एक मामले में भी गिरफ्तार हुआ था। उस समय पुलिस को सूचना मिली थी कि परसुडीह स्थित संत रॉबर्ट स्कूल के पीछे मैदान के पास कुछ युवक कार में बैठकर मादक पदार्थ की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें अरविंद शर्मा भी शामिल था।

थाना प्रभारी ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान और वाहन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे वाहन चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकेगा।

Related Post