Breaking
Sat. Jun 13th, 2026

शादी से एक दिन पहले बुझ गया घर का चिराग, जादूगोड़ा सड़क हादसे में घायल अझहर अंसारी की मौत

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में बीते दिनों हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हल्दीपोखर आजाद बस्ती निवासी 28 वर्षीय अझहर अंसारी के रूप में हुई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, क्योंकि रविवार को अझहर की शादी होने वाली थी और घर में विवाह की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं।

जानकारी के अनुसार 7 जून को जादूगोड़ा के पास एक टेंपो को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में टेंपो चालक और उसमें सवार अझहर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात अझहर ने दम तोड़ दिया, जबकि टेंपो चालक का इलाज अब भी जारी है।

बताया जाता है कि अझहर फेरी का काम करता था और घटना वाले दिन काम के सिलसिले में जादूगोड़ा जा रहा था। वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियां भी उसी के कंधों पर थीं। उसकी शादी रविवार को निर्धारित थी। घर में रिश्तेदारों का आना शुरू हो चुका था और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

परिजनों ने पिकअप वैन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post